सोचिये रात के 9 बजे हैं आपको अपने फ़ोन पर एक notification दिखता है एक notification जिसमें लिखा है “Jio IPO को SEBI की मंज़ूरी, ₹37,700 करोड़ का IPO इश्यू।” आपकी नजरें उसी notification पे रुक जाती हैं। क्योंकि आपके पास पिछले पांच साल से Reliance के कुछ शेयर हैं। और अब आपके दिमाग में सिर्फ़ एक सवाल कौंधता है सवाल यही कि “क्या अब मेरे पैसे बढ़ने वाले हैं?” बस फिर आप calculator खोलते हैं हिसाब लगाने के लिए लेकिन अब यहाँ आपकी उंगलियाँ रुक जाती हैं क्योंकि आपको नहीं पता की आखिर ये हिसाब लगाया कैसे जाए।
Jio IPO आखिर है क्या?
Jio Platforms Reliance का digital और telecom कारोबार अब stock market में उतरने जा रहा है। SEBI ने हरी झंडी दे दी है। इश्यू साइज़ hoga करीब 37 हजार 700 करोड़ का। ये पूरी तरह fresh issue है 27 करोड़ नए शेयर बनेंगे। मतलब कोई पुराना शेयरधारक अपना हिस्सा नहीं बेच रहा। इसमें से ₹27,500 करोड़ सीधे Jio का कर्ज़ चुकाने में जाएगा। बाकी हिस्सा कंपनी के आम कामकाज में। पहली नज़र में ये सिर्फ़ एक कॉर्पोरेट खबर लगती है। लेकिन share holders के लिए यह सिर्फ़ खबर नहीं बल्कि एक सवाल है कि आखिर इससे हमारा क्या?”
Reliance Shareholders को फायदा कैसे होगा?
आइये अब इसके गणित में गोते लगाते हैं, Reliance के पास Jio में लगभग 66.4% हिस्सेदारी है। अब मान लीजिए सिर्फ़ अनुमान के तौर पर बाज़ार Jio को करीब ₹9.5 लाख करोड़ की valuation देता है। अब अगर आप इसे calculator पर टाइप करते हैं तो जवाब आयेगा करीब ₹6.3 लाख करोड़। अब हो सकता है ये आंकड़े देखकर आपकी आंखें बड़ी हो जाएं कि “इतना बड़ा हिस्सा तो Reliance का है!” लेकिन फिर एक awkward सा pause आयेगा। क्योंकि यह पैसा Reliance के bank account में नहीं जा रहा। यह सिर्फ़ एक market value है, cash नहीं। तो कुल मिलाकर आप के हाथ में जो असली सवाल आता है वो है कि आखिर आपको फायदा कैसे मिलेगा?
Jio की Valuation बढ़ने से Reliance Share क्यों जरूरी नहीं कि उतना ही बढ़े?
यहीं सबसे बड़ा twist आता है इस कहानी का। आप अगर सोचते हैं Jio की valuation बड़ी है, तो Reliance का शेयर भी उतना ही उछलेगा लेकिन यह उतना सीधा गणित नहीं है। इसे कहते हैं holding company discount। यानी बाज़ार अक्सर किसी parent company के शेयर को उसके अंदर मौजूद assets की पूरी value नहीं देता कुछ हिस्सा काट देता है “discount” के तौर पर।

तो Jio की listing से क्या होगा? Jio की listing से वो discount कम भी हो सकता है क्योंकि अब value छिपी नहीं रहेगी बल्कि दिखाई देगी। लेकिन वो discount बना भी रह सकता है अगर बाज़ार को लगे कि growth उतनी तेज़ नहीं है जितनी उम्मीद थी। तो आपके लिए मतलब सीधा है कि यहाँ फायदा तय नहीं, बल्कि conditional है।
Reliance Shareholders के लिए तीन संभावनाएं
अब आपके सामने तीन दरवाजे हैं।
दरवाज़ा A : Jio अच्छी valuation पर list होती है, business तेज़ी से बढ़ता है, बाज़ार Reliance की holding को सही कीमत देना शुरू करता है। आपकी holding value धीरे-धीरे मज़बूत होती है।
दरवाज़ा B : valuation ठीक रहती है, लेकिन discount वैसा ही बना रहता है। फायदा होता है, पर उतना ज्यादा भी नहीं जितना न्यूज़ चैनल की headline में लगती है।
दरवाज़ा C : इसमें valuation उम्मीद से ज़्यादा aggressive निकलती है पर earnings उसे justify नहीं कर पातीं। बाज़ार में निराशा आती है। बड़ी headline के बावजूद, आपकी जेब में कुछ खास नहीं बदलता।
अगर IPO में पैसा लगाना है तो क्या करें?
अब सबसे practical सवाल अगर आप वाकई इस IPO में पैसा लगाने की सोच रहे हैं, तो कैसे लगाएं कि नुकसान का risk कम रहे? यहां कोई magic number नहीं है कोई भी ज़िम्मेदार निवेशक आपको यह नहीं बताएगा कि “इतने लगाओ” या “इस ratio में लगाओ”, क्योंकि अभी price band तय ही नहीं हुआ है लेकिन तीन सिद्धांत हैं जो हर बड़े IPO पर लागू होते हैं:
पहला: सिर्फ़ वो पैसा लगाएं जो आपको अगले 3-5 साल तक चाहिए ही न हो। IPO valuation बड़ी है, इसका साफ मतलब short-term volatility भी उतनी ही बड़ी हो सकती है।
दूसरा: एक स्टॉक या एक IPO में अपने पूरे portfolio का बड़ा हिस्सा मत झोंकिए। चाहे कंपनी कितनी भी बड़ी क्यों न हो Jio हो या कोई और एक सामान्य सिद्धांत यह है कि किसी एक स्टॉक में overexposure से बचें, ताकि अगर valuation उम्मीद पर खरा न उतरे, तो आपका पूरा पैसा एक जगह फंसा न रहे।
तीसरा: RHP आने का इंतज़ार करें। जब तक price band, valuation और financials का पूरा खुलासा नहीं होता, तब तक सिर्फ़ हेडलाइन देखकर फैसला लेना जुआ खेलने जैसा है, investing नहीं।
सही Valuation कैसे समझें?
Win-win situation का मतलब यह नहीं कि आपको गारंटी मिल जाए बल्कि यह कि आप उतना ही risk लें, जितना आप झेल सकते हैं। सही तरीका है RHP आने पर valuation को उद्योग के दूसरे players (जैसे Airtel) से compare करें, और अपने overall portfolio allocation के हिसाब से एक छोटा, सोचा-समझा हिस्सा तय करें।
Reliance के छोटे Shareholder के लिए इसका मतलब क्या है?
तो आखिर छोटे Reliance shareholder के लिए इसका मतलब क्या है? ये कोई सीधा फायदा बाँटने वाला IPO नहीं है। यह Reliance के सबसे बड़े assets में से एक Jio की value को अलग से बाज़ार में दिखाने की कोशिश है। आपको असली फायदा तभी होगा जब Jio की valuation सिर्फ़ बड़ी न दिखे, बल्कि आने वाले सालों में उसकी earnings उस valuation को justify भी करें। IPO की headline ₹37,700 करोड़ की है लेकिन Reliance shareholder के लिए असली सवाल यह है listing के बाद उसके हिस्से की value आखिर कितनी बढ़ती है।